Infinix Xpad Edge को ग्लोबल मार्केट में आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया गया है। यह नया एंड्रॉयड टैबलेट बड़ी स्क्रीन, दमदार बैटरी और लेटेस्ट फीचर्स के साथ पेश किया गया है। कंपनी ने इस टैबलेट को उन यूजर्स के लिए उतारा है जो पढ़ाई, काम और एंटरटेनमेंट तीनों के लिए एक बड़ी स्क्रीन वाला डिवाइस चाहते हैं।
Infinix Xpad Edge में 13.2 इंच की बड़ी डिस्प्ले दी गई है, जो 2.4K रेजोल्यूशन के साथ आती है। स्क्रीन का आस्पेक्ट रेशियो 3:2 रखा गया है, जिससे पढ़ने और मल्टीटास्किंग में बेहतर अनुभव मिलता है। इसके अलावा डिस्प्ले को TÜV Rheinland Flicker Free और Low Blue Light सर्टिफिकेशन भी मिला है, जिससे आंखों पर कम असर पड़ता है।
Infinix Xpad Edge की कीमत और उपलब्धता
Infinix Xpad Edge के 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वेरियंट की कीमत मलेशिया में 1,299 युआन रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 28,000 रुपये होती है। यह टैबलेट सेलेस्टियल इंक कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। फिलहाल इसकी बिक्री TikTok Shop, Shopee, Lazada और Infinix के ऑफिशियल स्टोर्स पर शुरू कर दी गई है।
फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस
Infinix Xpad Edge एंड्रॉयड 15 पर काम करता है और कंपनी ने इसमें दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने की पुष्टि की है। टैबलेट में Snapdragon 685 प्रोसेसर दिया गया है, जो रोजमर्रा के काम, ऑनलाइन क्लास और वीडियो स्ट्रीमिंग के लिए ठीक प्रदर्शन करता है। इसके साथ 8GB रैम और 256GB इनबिल्ट स्टोरेज मिलती है।
फोटोग्राफी के लिए टैबलेट के पीछे 8 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है, जबकि वीडियो कॉलिंग और ऑनलाइन मीटिंग के लिए फ्रंट कैमरा मौजूद है। बेहतर साउंड के लिए इसमें क्वाड स्पीकर्स दिए गए हैं। कनेक्टिविटी की बात करें तो इसमें 4G सेल्युलर सपोर्ट के साथ वाई-फाई भी मिलता है।
Infinix Xpad Edge में कई स्मार्ट फीचर्स भी दिए गए हैं। इसमें AI-पावर्ड Folax वॉइस असिस्टेंट, स्प्लिट स्क्रीन, फोन कास्ट और WPS Office पहले से इंस्टॉल मिलता है। इसके अलावा टैबलेट X Keyboard 20 और X Pencil 20 को भी सपोर्ट करता है, जिससे यह स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स के लिए और ज्यादा उपयोगी बन जाता है।
बैटरी और डिजाइन
इस टैबलेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8000mAh की बैटरी है, जो लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए बनाई गई है। कंपनी के अनुसार, यह बैटरी दिनभर के काम को आसानी से संभाल सकती है। टैबलेट की मोटाई सिर्फ 6.19mm है और वजन करीब 588 ग्राम रखा गया है, जिससे इतनी बड़ी स्क्रीन के बावजूद इसे पकड़ना और इस्तेमाल करना आसान रहता है।